यह ब्लॉग खोजें

Bihar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Bihar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 3 जुलाई 2017

पुनः आगमन

बहुत दिनों से मन व्यग्र सा था, लग रहा था पीछे कुछ छुट सा गया है। अपने इतिहास को खंगालना चालू किया तो दिखा कि बहुत कुछ तो पड़ा हुआ है, निर्जीव स्वरूप। बहुत कुछ इनसे किया जा सकता है। यह पुनः आगमन है। चंपारण कि धरती से चंपारण के लिए, पुनः कुछ लिखने को, कुछ देखने को, कुछ सीखने-सिखाने को। और पुनः आगमन का समय इस वर्षा ऋतु से बढ़िया क्या हो सकता, जब एक जगह रहने कर भोजन ग्रहण करने वाले निर्जीव समान पेड़-पौधे भी हर्षित हो।

शुक्रवार, 13 मार्च 2015

आर्य समाज और उसकी घटती प्रासंगिकता

पिछले 3-4 महीने से भारत में बहुत सारे विवाह हो चुके या हो रहे हैं। यदि एक नजर दौड़ाये तो हमारे यहाँ हिन्दू समाज में विवाह के दो तरीके प्रचलित है: 1. सनातन विधि 2. आर्य समाज विधि।
कई बार सुनने को आता कि कई शिक्षित लोग कहते की आर्य समाज बेहतर है तो कोई कहता की सनातन। आज देखिये तो हिन्दू वर्ग भी संशय में नजर आता कि सनातन बेहतर या आर्य समाज। फलस्वरूप कई घरों में तो जरुरत के हिसाब से पूजन की दोनों ही विधियाँ प्रयोग में लायी जाती है। मगर फिर भी विवाह में अधिकतर जगह सनातन विधि ही नजर आती यहाँ तक कि जिन घरों में मुख्य पूजन के लिए आर्य समाज विधि प्रयोग की जाती रही हैं वो घर भी अब सनातन विधि की तरफ रुख कर रहे हैं। सही मायनों में देखे तो आज के समय में आर्य समाज पद्धति भी उसी जगह पर जाता दिख रहा जहाँ सनातन पूजन विधि है।
यदि हम इतिहास के पन्नों की तरफ रुख करे तो पाएंगे कि समय के साथ सनातन विधि के वेद से विमुखता, गलत नियमों और पंडितों के ढोंग इत्यादि को ख़त्म करने के लिहाज से आर्य समाज का गठन हुआ था, जिसको वेद आधारित बनाया गया। इसके अलावा इसमें तत्कालीन समाज में व्याप अन्य बुराइयों जैसे की मुख्यतः दहेज़ प्रथा, पर्दा प्रथा इत्यादि के भी खिलाफ तैयार किया गया। कुछ समय तो इसके विद्वानों के कारण काफी विकास भी होता रहा, जो धीरे धीरे समाज में एक बदलाव का प्रतीक चिन्ह भी बनते गयी। कुछ हद तक आर्य समाज ने हिन्दू समाज की बहुत सारी कुरीतियों को दूर करने के लिए बहुत अच्छा भूमिका भी निभाया। मगर यह सर्वविदित है कि जब बच्चे छोटे होते है तो वो बहुत निर्दोष होते हैं, उनमें छल कपट जैसी कोई भी बात न होती न कोई बुराइयाँ। मगर समय के साथ उन मासूम बच्चों में बुराइयाँ भी आती जाती। ठीक उसी प्रकार आर्य समाज पद्धति में भी सनातन धर्म वाली बुराइयाँ घर करने लगी। जैसे सनातन धर्म के जिन कुरीतियों को ख़त्म करने के लिए यह पद्धति बनायीं गयी वो कुरीतियाँ अब इस पद्धति में भी नजर आने लगी है जैसे - जिस पाखण्ड और ढोंग के खिलाफ इस पद्धति ने जन्म लिया आज वो ढोंग और पाखण्ड इस पद्धति में भी नजर आने लगी है।
जहाँ अपेक्षा की गयी थी की इसके विद्वान सामान्य तरीके से अपनी जिंदगी का गुजर बसर करेंगे वो इस पद्धति को जीवन-यापन का तरीका बनाने में लगे हुए है जिसके कारण आज भी इस पद्धति में पूजन कराने वाले आज यजमान से अधिकतम दक्षिणा या सामग्री की मांग करते है।
जहाँ यह अपेक्षा की गयी थी की इस पद्धति में कोई भी पूजा करा सकता है वहाँ यह पद्धति भी आज के समय में पुरोहित-प्रधान होते जा रही है।
जहाँ पूजन पद्धति में एक समानता होनी चाहिए वहाँ आज किसी आर्य समाज से सम्बन्ध रखने वाले किसी पुरोहित को एक प्रकार की पूजन दो भिन्न जगह पर कराने के लिए बोल दीजिये तो उनके पूजा कराने का तरीका तक बदल जाता जैसे लगता की पूजन पद्धति उन्हीं के द्वारा बनाया गया हो।
जहाँ समाज को अपेक्षा थी कि इसके माध्यम से दहेज़ प्रथा खत्म होगी मगर आज इस पद्धति में भी विश्वास करने वाले खुले आम दहेज़ की मांग रखते है।
धीरे धीरे तो यह पूजन पद्धति तो लगता कि आज मुख्यतः उन्हीं के काम आती जो प्रेम विवाह करते या फिर कम समय में पूजन कार्य को निपटाना चाहते। सिर्फ इतना ही नहीं कुछ जगह तो आर्य समाज पद्धति इस लिए भी प्रयोग लायी जा रही की फिल्मों में उसका चित्रांकन बहुत अच्छे से किया जाता और उससे वो प्रेरित हो जाते।
एक तरह से देखे तो आज आर्य समाज से जुड़े लोगों को पुनः अपने गिरेबान में झाँक कर देखना चाहिए कि जो वो कर रहे क्या वो सही है, क्या इस पद्धति को जन्म देने वाले महापुरुष ने आपसे यही अपेक्षा की थी। क्या आप सच में आर्य समाज के वेद आधारित पूजन का विकास करना चाहते है? आज जरुरत है एक पुनर्मन्थन की जिससे इस पद्धति को वो दिशा दी जा सके जो इसे कुछ समय के लिए सबका ख़ास बना दिया था,आज जरुरत है एक बदलाव की जिससे कहीं ऐसा न हो जाए की इसके प्रणेता द्वारा बनायीं गयी यह पद्धति इतिहास के पन्नों में दर्ज न हो जाए।

(नोट: लेखक एक आर्य समाज आधारित परिवार से है जहाँ उसके परिवार के लोग भी आर्य समाज पद्धति से पूजन कार्य वगैरह संपन्न कराते रहे हैं।)

रविवार, 1 मार्च 2015

बेतिया शहर और दुर्दशा

बाबा जी फिर से हाजिर है, वैसे बाबा जी तो घुम्मकड़ किस्म के इंसान है, मगर बहुत दिनों बाद उन्हें बेतिया रहने का मौका मिला। बाबा जी अपने बचपन में हमेशा बेतिया आते-जाते रहे है। आज उसी बेतिया के बारे में बाबा जी न लिखे तो यह तो बेईमानी ही हुई न। अंततः बाबा जी को आज मौका मिल रहा इस शहर के बारे में भी लिखने को। तो आइये जाने बाबा जी से आज के बेतिया के बारे में।
बेतिया, अपने राजघराने और अन्य इतिहास के लिए जाना माना शहर। आज खुद अपनी पहचान को मोहताज है। बहुत दिन बाद इस शहर में रुका तो शहर की पुरानी फिजा ही बदली-बदली सी लगी। यह शहर हमेशा से एक ख़ास रहा अपने इतिहास और अपनी मौजूदा गलियों के कारण जो आपको शहर के बीचों-बीच मौजूद दो मुख्य सड़कों को कई जगहों से जोड़ते हुए राहगीर के कार्य को आसान कर देती है। मगर इस बार ऐसा लगा जैसे लोग बेतिया के इस पहचान को खत्म कर देना चाहते है। एक तो सांस्कृतिक महत्त्व के स्थानों पर पुरे शहर से जमा किये गए कूड़े-कचरे का ढेर और दूसरा सड़क पर लगने वाला जाम। शायद यहाँ की जनता को यह न मालूम है कि आज कल के उनके वारिस जो किसी बड़े शहर में रहती है, वो इसे नापसंद करेंगी और हालात ऐसे हो जाएंगे कि वो यहाँ शायद आना भी पसंद न करे, आखिर शहर की पहचान माने जाने वाले जगहों पर कूड़ा कचरा और जाम कौन पसंद करेगा।
खैर जनता तो रही जनता हमारी सरकारी महकमा भी कुछ इसी तरह का है। जहाँ इनका काम शहर की व्यवस्था को देखना है, वहाँ मालुम ना वो कहाँ गायब दिखते है। जिस सरकारी महकमा का काम शहर के कचरों का निस्तारण करना है, वो सार्वजनिक जगह को कचरा बना रही है चाहे वो राज देवड़ी के पास का पार्क हो या प्रत्येक साल मेला लगने की जगह या फिर राज देवड़ी होकर बाजार जाने का रास्ता या फिर बेतिया का रमना मैदान। इसी प्रकार यदि प्रशासन की बात करे तो जहाँ पुलिस विभाग के दुरुस्त जवानों की जरुरत है वहाँ कुछ रिटायरमेंट के नजदीक पहुंचे बुजुर्ग सिपाहियों को कार्य दे दिया जाता है वो भी कम संख्या में। जहाँ ट्रैफिक के नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस जीप को व्यस्त रोड पर खड़ा होना चाहिए तो वो पुलिस जीप शहर के सबसे शांत इलाकों में घूमती नजर आती है। किसी से सुना यहाँ के एस. पी. साहब बहुत अच्छे है मगर ट्रैफिक के हालातों को देखते हुए लगता नहीं की वो कभी अपने सरकारी आवास या दफ्तर से भी बाहर निकलते होंगे, अन्यथा सड़कों पर ट्रैफिक के सामान्य नियमों जैसे बिना हेलमेट पहने मोटर साइकिल चालाक, बिना जूते के मोटर साइकिल चलाते लोग, उच्च रफ़्तार में सड़क पर मोटर साइकिल चलाते हमारे समझदार नए जमाने के कम आयु में ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त नवयुवक नजर न आते।
सिर्फ इतना ही नहीं, शायद बेतिया के प्रशासनिक अधिकारी शहर में लगे जाम को समझे तो उन्हें समझ में आएगा की एक मार्ग वाले ट्रैफिक व्यवस्था की यहाँ सख्त जरुरत है मगर शायद ही कोई अधिकारी यह दिमाग लगाएँ की इस गलियोँ वाले सड़क पर ये कैसे संभव होगा, जरुरत है तो यहाँ के प्रशासन को खुद से कुछ सालाहकार जोड़ने की जो किसी तथाकथित उच्च वर्ग से न होकर उस शिक्षित वर्ग से हो जो शहर के लिए कुछ करना चाहते हो या उसका भला चाहते हो और उससे सम्बंधित सलाहकार की भूमिका में आ सके अन्यथा तथाकथित मारवाड़ी समाज हो या व्यापारी समाज सबने खुद के बारे में ही सोचा है, शहर के बारे में कभी नहीं।
जरूरत हैं आज की शहर के कॉलेज और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के लोगों और अन्य शहरों में रहने वाले युवाओं तक पहुँचने की क्युँकि आज की पीढ़ी कुछ कार्य करना चाहती है, जिससे सबका भला हो सके, हमारे शहर का भला हो सके जिससे वो अपनी पहचान बनाएँ रख सके।
कुछ सुझाव इस बाबा के मन में भी है, मगर सुझाव तो बाबा तभी दे पाएंगे जब हमारे सरकारी अधिकारी उस पर अमल करना चाहे।

मंगलवार, 30 दिसंबर 2014

एक मानवीय भूल या पासपोर्ट बनवाने में पुलिस अधिकारियों की चलती मनमानी।

आज फेसबुक खोले ऑफिस में बैठा हुआ था, तभी एक फोटो मेरे एक फेसबुकिए मित्र द्वारा शेयर किया हुआ एक फोटो दिखा, जो रक्सौल की एक लड़की पुष्पम पल्लवी का है। जब फोटो के नीचे लिखा संवाद पढ़ा तो मामला समझ में आया। इस मामले को पढ़ते हुए मुझे अपना समय भी याद आ गया, जब मुझे भी कुछ कारणों से पासपोर्ट बनवाना पड़ा था और जब घर पर पुलिस निरीक्षण के लिए आई थी तो उन्होंने मेरे पिता जी से रुपये (घूस) का मांग किया था। उस समय मैं अपनी अभियांत्रिकी की पढ़ाई पूरी कर रहा था और उस समय मेरे सारे सहपाठियों द्वारा भी पासपोर्ट बनवाया गया था जिसमें सबने कुछ न कुछ घूस दिया था और कुछ दोस्तों ने तो चूँकि पासपोर्ट महाराष्ट्र से बनवाया था तो उन्हें दो-दो बार घूस देनी पड़ गयी थी, एक तो महाराष्ट्र में और एक बार अपने घर पर। और यह एक सामान्य सी प्रक्रिया ही बन गयी थी, जिससे मेरे पिताजी को भी घूस की राशि देनी पड़ी। शायद विरोध करते तो मेरा भी फाइल कुछ इसी तरह का बना दिया जाता और मैं उच्च शिक्षा प्राप्त न कर पाता। और यह घटना कहीं और की नहीं बल्कि रक्सौल की ही है। 
कहने को तो सरकार ने बहुत तरह की व्यवस्था बना दी है कि कोई घूस न लेने पाये, मगर यह न बनाया कि कोई घूस दिये बिना कार्य कैसे करवाए, और मजबूरी में कोई करे तो क्या करें, कौन अपने सर पर बदनामी लेने जाए एक झूठ मूठ के केस का।कहने को तो बहुत कहेंगे कि बिहार के पुलिस वाले घूस खाते है, मगर यह कड़वा सच हरेक जगह लागू होता चाहे वो बिहार हो या महाराष्ट्र। मगर सरकार के नाक के नीचे हो रही इस जालसाजी को कोई न देखने वाला, जबकि खुद हमारे जन सेवक भी इन बातों को अच्छे तरीके से जानते है।
कहने को तो आज भले ही बिहार की यह पुलिस कह रही की मानवीय भूल है, मगर ये मानवीय भूल हो कैसे गयी वो भी पासपोर्ट जैसे अंतराष्ट्रीय महत्व के कागजात जारी करने में, और यह किसी भी दृष्टि से मानवीय भूल तो लगता नहीं है, क्यूँकि हरेक साल न जाने कितने पासपोर्ट इस थाने में आते होंगे, और न जाने उन पासपोर्ट से कितने ही अधिकारियों का पॉकेट गरम होता होगा जिससे सारे पासपोर्ट बिना कोई खास परेशानी के जारी हो जाते होंगे। शायद पल्लवी पुष्पम और उसके पिता जी ने यह भूल कर दी कि उन्होंने पुलिस को कोई घूस न दी। सरकार भी तो हमारी ऐसी ही है, जो इसे पुलिस द्वारा मानवीय भूल मानते ही उस मामले को रफा-दफा करने में लग जाएगी। मगर शायद पल्लवी पुष्पम के लिए प्रति मानहानी का भी जिम्मेदार है, क्यूँकि कहीं न कहीं उसे कई परेशानियों का शिकार होना पड़ेगा जिसमें मानसिक परेशानी भी शामिल होगा। हो सकता है पल्लवी को अपने कार्यक्षेत्र में उन्नति का भी अवसर होगा या फिर कंपनी के किसी आवश्यक कार्य के कारण बाहर जाना होगा, मगर इन सरकारी बाबू को इससे क्या, पासपोर्ट का नाम सामने आते ही उनकी आँखों के आगे हरे-हरे नोट जो दिख जाते होंगे।
शायद इस मानहानि का जिम्मेदार सिर्फ एक पुलिस अधिकारी नहीं बल्कि पूरे देश में हो रहे, पासपोर्ट से संबन्धित कार्य में घूस खा रही हमारी भारतीय पुलिस भी शामिल है।देखते है, एस॰पी॰ साहब ने तो जांच की बात कह दी, मगर यह जांच कब पूरी होगी पता नहीं, शायद इस जांच के बहाने पल्लवी को बार-बार घर बुलाने के लिए परेशान भी किया जाए, आखिर ऐसा होना भी संभव ही लगता है, क्यूँकि ऐसा बार-बार होने पर पल्लवी की भी मजबूरी हो जाएगी या तो वो अपनी नौकरी छोड़ दे या फिर अपनी शिकायत वापस ले ले। और तब जा कर यह जांच पूरी हो पाएँ।

सोमवार, 17 नवंबर 2014

एक स्वप्न, एक आशा एवं भविष्य : चम्पारण और प्रकाश की एक किरण का विश्लेषण

चम्पारण: एक ऐसा शब्द जो खुद में एक स्वप्न है जिसने अपनी धरती पर चाणक्य से लेकर महात्मा गांधी तक को स्वप्न दिखाएँ, उनकी आशाओं को जीवित होते दिखाया, जिसने एक भविष्य गढ़ा जो सबको एक राह दिखाती हुईं अपने राह चले जा रही।
ठीक उसी तरह से चम्पारण की इस धरती पर अँधेरे को हटाने का प्रयास करती एक संस्था उदित हुई। यह उस समय की बात है जब बिहार में कोई भी कम्पनियॉ आना न चाहती थी। समय के साथ इस कंपनी ने अपने लक्ष्य के अनुसार कई गाँव में अँधेरे की जगह रोशनी ले आई। यहाँ तक की उनमें से कई गाँवों का कायाकल्प भी हो गया। इस संस्था ने चम्पारण के वैसे जगह जा कर रोशनी दी जहाँ सरकार भी अपने नुमायन्दों को भेजने में सक्षम न हो। इस संस्था ने बिना कोई अतिरिक्त प्रशासनिक मदद और वित्तीय मदद के अपने विद्युत् प्रसारण को तमाम विसंगतियों के जारी रखा। इस संस्था ने उस क्षेत्र में काम करने की हिम्मत दिखाई जो सर्वत्र घाटे के लिए जानी जाती है। और इस क्षेत्र में काम करने की वजह से ही यह कंपनी नवीकरणीय ऊर्जा द्वारा विकेंद्रित विद्युत् प्रसारण के क्षेत्र में कार्य करने वाली सबसे बड़ी कंपनी के रूप में उभर गयी। 
उसने उन परिस्थितियों में काम जारी रखा जब बिहार के अंदरुनी क्षेत्र में कोई भी संस्था प्रत्यक्ष रूप से काम नहीं करना चाहती। इस कंपनी ने अनेकों बिहारियों को एक राह दिखाई की बिहार में भी काम किये जा सकता है। इस कंपनी ने बिहार की पहचान पुरे देश विदेश में बदल कर रख दी। 
मगर जहाँ इस कंपनी ने सोचा की वो कुछ ऐसा कर दिखाएगी जो सबके लिए अनुकरणीय बन जाएगा, वो कंपनी हमारे अपने ही सरकार एवम् लोगों की अदूरदर्शिता के कई परेशानी भी झेल रही है। जहाँ सरकार को चाहिए था की वो ऐसी कंपनियों को सहायता पहुँचायें एवम् तकनीकी सहायता प्रदान कर उसके कार्य क्षेत्र में बने रहने दे जिससे की ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने की इस कंपनी की हिम्मत भी बनी रहे। आज जहाँ सरकार उसी क्षेत्र में बिजली पहुँचाने की कोशिश कर रही जिस क्षेत्र को बिजली से मुलाक़ात इस कंपनी ने करवाई। जहाँ सरकार को चाहिए था की इस तरह की कंपनी को ही सभी तरह की सहायता देकर उस क्षेत्र में बिजली सुनिश्चित करती जिससे उसमें कार्य करने वाले कई ग्रामीण लोगों का रोजगार बच सके साथ में बिजली की उपलब्धि भी नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से सुनिश्चित कराई जा सके। इस तरह सरकार एक बिहार से संचालित होने वाली एक विश्व स्तर की संस्था को बचा सकती साथ में अनविकरणीय ऊर्जा द्वारा होने वाले प्रदुषण से एक स्तर तक बचा सकती। मगर सरकार को तो वोट बैंक की लगी पड़ी है, जो बिजली के द्वारा दिख रही, उन्हें यह नहीं दिख रहा की इस तथाकथित संस्था में कितने ही लोग कार्यरत है, कहीं सबकी रोजी-रोटी पर तो असर न पड़ेगा, कहीं उनके परिवार के लोग भूखे तो न रह जाएँगे।
सरकार की जिम्मेदारी तो ठीक है मगर शायद कंपनी के वर्तमान स्थिति के लिए भी कुछ अपने बीच के लोग भी उतने ही जिम्मेदार है, आज के समय में भी हमारे चम्पारण को व्यवसायिक नजरिये से पुरे बिहार में बहुत ही खराब माना जाता है, उसी प्रकार हमारे बीच के लोग भी इस संस्था की वर्तमान स्थिति के लिए जिम्मेदार है। हमारे अपने लोग जिन्हें विद्युत् बिल देने का आदत नहीं उनकी मेहरबानियों के कारण कंपनी संघर्ष करते रहती है। यहाँ तक कि स्थानीय कर्मचारी भी कहीं न कहीं इसे नुकसान पहुँचाने में कोई कसर न छोड़ते, शायद वो यह न देख पाते वो अभी जो भी है इसी संस्था की बदौलत है, शायद उनके द्वारा पहुँचाये गए नुकसान से आने वाले दिन में कितने ही सारे लोगों की रोजी-रोटी न छीन जाएँ और कितने ही उन लोगों पर आश्रित परिवार का भोजन छीन ले। शायद कभी तो समझेंगे मगर तब तक शायद बहुत देर हो चुकी हो।
हमारे चम्पारण के लोग कहेंगे की बाबा ने खुद को निरपेक्ष न रखा और सिर्फ सरकार और लोगों को ही जिम्मेदार ठहरा दिया, शायद हमारी चम्पारण की जनता भी कुछ हद तक सही है कि इस संघर्षरत् कंपनी के लिए कहीं न कहीं संस्था भी जिम्मेदार है, जिसने शायद खुद को ऐसा समझ लिया जिसको कोई टक्कर न दे सकता था। शायद एक अहम् आ चुकी है जिसके कारण वो वास्तविक स्थिति को समझना न चाहते है। संस्था ने कभी यह नहीं सोचा की ग्राहक हमेशा उन्हीं का होता है जो उनकी नजर में सही उत्पाद प्रदान करता है, मगर समय के साथ संस्था ने कुछ ऐसे काम किये जो हरेक समय उसे नुकसान ही पहुँचाता गया, मगर संस्था खुद को बलवती समझने लगी, शायद कुछ लोगों का अहम् की मैं सर्वश्रेष्ठ हूँ उसे संघर्ष की स्थिति में डाल रखा है, शायद कुछ लोगों को संस्था से ऊपर देखा जाने लगा, शायद गलतियों को छुपाने की अनगिनत कोशिश सी होने लगी। शायद संस्था यह न समझ पायी की वो अपने उत्पादकता में कहाँ कमजोर पड़ रही है, शायद उसने अपने से बड़ी कंपनियों से ये सीख न ली कि हरेक कार्य अकेले न किया जा सकता। शायद संस्था यह न समझ पायी की कई संस्थाओं के परस्पर सहायता से ही सभी संस्था चल पाती है, अन्यथा TATA जैसी कंपनियों को दूसरे से तकनिकी सामान खरीदने की क्या जरुरत? शायद संस्था ने कई सफ़ेद हाथी पाल रखे है जो असमय कंपनी के लिए परेशानी का सबब बन जाते है। शायद इस संस्था को समझना बहुत जरुरी है की उपभोक्ता को क्या चाहिए और संस्था उसे बिना कोई परेशानी कैसे उपलब्ध करा सकती है, ये न हो की उत्पाद उपलब्ध कराने के बाद उपभोक्ताओं के घर में घुस कर आप प्रयोग कर रहे हो, शायद संस्था के उच्चाधिकारी भी यह पसंद न करेंगे यदि उनके साथ कभी ऐसा हो।
आशा है की चाणक्य और चन्द्रगुप्त की वो धरती जहाँ आशाएँ बहुत ही बलवती होती है और कुछ कर दिखाती है, वहाँ यह संस्था भी अपनी कमजोरियों से सीखते हुए कुछ कर दिखाएगी, जिसमें सरकार, चम्पारण की जनता, संस्था के स्थानीय कर्मचारी एवम् संस्था के उच्चाधिकारियों का परस्पर सहयोग होगा। शायद वो भविष्य में आशा की वो किरण दिखाएँगे जो समस्त संसार को एक आशा की किरण बनकर एक राह दिखा सके।

गुरुवार, 6 नवंबर 2014

चम्पारण की बस सर्विस और जान जोखिम में डाल सफर करते यात्री

आज कल चम्पारण के बस चालक जो रात में बस चलाते है, उन पर एक नयी तरह की खुमार छायी रहती है, यह खुमार कोई और नहीं बल्कि चम्पारण के सर्व-साधारण भाषा में सुबोध या व्यापारिक भाषा में देशी शराब की खुमार छायी रहती है। दिनांक 05 नवम्बर की ही एक घटना है जिसमे रक्सौल से चलने वाली एक प्रतिष्ठित बस सेवा सपना बस सं॰ 7213 के कर्मचारी रात में शराब पी कर बस चला रहे थे। उनपर शराब का नशा इस प्रकार छाए हुए था की उन्हें यह नहीं मालूम वो बस कैसे चला रहे। यह ज्ञात हो की रक्सौल से चलने वाली बसों पर नेपाल से आने वाले विदेशी नागरिक की संख्या वहाँ के लोकल सवारी से ज्यादा होती है।
सिर्फ इतना ही नहीं, बस का क्लच वगैरह भी काम नहीं कर रहा था। वो तो यात्रियों का भाग्य ही बलवती था जो उन्हें किसी अनहोनी से बचा कर पटना सुरक्षित पहुंचा दी, अन्यथा रास्ते में यात्रियों के साथ क्या होता वो तो भगवान ही जानता है, सिर्फ इतना ही नहीं रास्ते में परेशानी मालूम चलने के बाद शराब के नशे में धुत ड्राईवर को छोड़ बाकी सारे सहायक स्टाफ कुछ समय के लिए बस से भाग गए, वो तो निद्रा देवी की कृपा थी कि बस पर सवार यात्रियों को कुछ ना मालूम चला।
यह सब वाकया तो तब मालूम चला जब बस सुबह पटना पहुँच गयी और बस के स्टाफ आपस में ही लड़ने लगे। सिर्फ इतना ही नहीं ड्राईवर ने बाकायदा कुछ शराब के पाउच को साथ में रखा हुआ था, जो वो बस चलाने के दौरान पी भी रहा था और कुछ पाउच सुबह में बच भी गया था।
वैसे तो कहने को बस राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चल रही थी जहाँ रास्ते में शायद ही हमारी तथाकथित प्रशासन एस तरह के घटना को रोकने के लिए तैनात हो, शायद वो भी इंतेजार करते कब एक दुर्घटना घटे और उनके पॉकेट बस के मालिक द्वारा गरम किए जा सके। मालूम नहीं हमारी कमिश्नरी प्रशासन या एन॰एच॰ए॰आई॰ की प्रशासन कब सुधरेगी जो इस तरह की ड्राईवर या बस के अन्य स्टाफ द्वारा किए जाने वाले हरकत जो यात्रियों की जान पर खेल कर चलते है, उनसे हमारी जनता को छुटकारा मिल सके। शायद इसके लिए बस मालिक भी उतने ही जिम्मेदार है जितनी हमारी प्रशासन जो इन ड्राईवर को इतना पैसा देती की वो रास्ते में पीते हुए जाते, शायद ये गैर-जिम्मेदार बस मालिक भी किसी दुर्घटना का ही इंतेजार कर रहे।
हमारे प्रशासन को चाहिए कि वो समय समय पर इन राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर निगरानी दल बना इन ड्राईवर की जांच करते रहे जिससे कि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। मगर मालूम न बिहार में वो दिन कब आएगा जब यात्री बिना कोई परेशानी या बिना कोई खतरा मोल लिए यात्रा कर सके।

सोमवार, 12 नवंबर 2012

क्या एक मुद्दे से देश का भला हो सकता है???


आए दिन जब देखो राष्ट्रीय मीडिया में सिर्फ एक ही बात दिखती है: आज एक घोटाले का खुलासा केजरीवालजी करने जा रहे, कल उस घोटाले का खुलासा केजरीवालजी करने जा रहे है| लगता है जैसे भारत, एक आम नागरिक का देश ना हो कर घोटाले का देश हो गया हो, या दुनिया के तमाम घोटालेबाज यही आ गए हो| यह स्थिति बिहार की पुरानी स्थिति के तरह हो गयी है जिसमें बिहार का मतलब एक भ्रस्ट या पिछड़ा हुआ राज्य माना गया| किसी ने यह बताने की जहमत नहीं की कि बिहार को कैसे सुधारा जाए| शायद जब से केजरीवालजी राजनेता की श्रेणी में आए है वो यही काम कर रहे, जो भ्रष्टाचार तो दिखा रहे मगर आम जनता को यह नहीं दिखा रहे की ये भ्रस्टाचार कैसे दूर हो, उल्टा वो तो जनता को यह सलाह देते हुए दिख जाएँगे की बिजली का बिल मत चुकाओ| प्रतिकात्मकरूप से यह सलाह तो अच्छी लगती है, मगर केजरीवालजी को सायद यह समझ नहीं है की यदि सारी जनता यही करने लग जाएगी तो अराजकता का माहौल फैल सकता है| आखिर उन्हें इसकी चिंता हो भी क्यूँ, उन्हे तो राजनेता बनाने का शौक चर्राया हुआ है, चाहे जैसे भी बने, सिस्टम को खराब करके ही सही राज्य तो करेंगे, मगर केजरीवालजी को शायद ये भी याद रखना चाहिए की घोसला गिराना तो आसान होता है मगर बनाना बहुत ही मुश्किल| क्या केजरीवाल जी सिस्टम को बिगाड़कर उसे फिर तुरंत सही कर पाएंगे? यदि हाँ तो कितने दिन में? केजरीवालजी एक सधी हुई संस्था को सुधारना ज्यादा आसान है ना की बिगड़ी हुई संस्था को सुधारना| केजरीवालजी अब आप राजनैतिक पार्टी बनाने जा रहे हो, और हरेक राजनैतिक पार्टी का एक संविधान होता, उसकी कुछ दीर्घकालिक नीतियाँ होती है तो कुछ अल्पकालिक नीतियाँ| मगर आपकी नीतियाँ तो फिलहाल एक ही चीज पर टिकी हुई है जो की भ्रष्टाचार के विरोध पर टिकी है उसको रोकने या किसी और नीतियों से कोई मतलब नहीं जैसे विदेश नीति, आंतरिक सुरक्षा नीति, वित्तीय नीति और इस जैसे कई मुद्दे इस देश मे मौजूद है| मगर इन मुद्दों पर बहस कौन करने जाये? जनता तो सिर्फ भ्रस्टाचार विरोधी अभियान से ही खुश होकर खुशफहमी में वोट डाल देंगे| बाकी का तो भगवान मालिक है| वैसे भी आपके टीम के किसी सदस्य ने ईटीवी बिहार के सेंट्रल हाल नामक कार्यक्रम में ओक्टूबर के महीने में इंटरव्यू दिया था की उनकी टीम लोकतन्त्र को बदलना चाहती है, मगर मालूम नहीं कितने जनता ने वो प्रोग्राम भी देखा होगा| शायद केजरीवालजी के टीम को हमारी परंपराओं पर विश्वास नहीं जिसके फलस्वरूप वो नेता बनने-बनाने का सपना भी देखते हैं| खैर कोई बात नहीं हम जनता तो ठहरे ही मूर्ख|
यहीं तक ही नहीं, इनसे ऐसे लोग जुड़े है जो पैसे के भी भूखे है जैसे भूषण साहब को ही लिया जाए तो उनके बारे में कौन नहीं वाकिफ है की वो कोर्ट में केस कैसे लड़ते है| यही तक नहीं राष्ट्रीय एकता पर तो उनकी सबसे अलग ही राय है, उनका वश चले तो भारत को चीन के सहूलियत के हिसाब से 32 टुकड़ो में बाँट दे, आखिर वो कम्यूनिस्ट जो ठहरे| ये तो रही उनकी विदेश नीति| अब आते है उनके आंतरिक सुरक्षा नीति की बात करने, इनके कुछ लोगों को नक्सली कुछ ज्यादा ही पसंद है जैसे वो इनके भाई-बहन हो| वो देश के नाम पर कोई मारे तो नहीं बोलते मगर एक आतंकवादी या नक्सली मारा जाय तो फिर पूछो ही मत जहां देखो वहाँ प्रदर्शन| शायद ये सत्ता में आते ही पहले नक्सलियों को स्वतंत्रता सेनानी घोषित करेंगे और हमारी सेना को सामूहिक नरसंहार का दोषी| अब आइए इनकी वित्तीय नीति की चर्चा करे, ये तो कहेंगे कि बिजली बिल जितना भी आए, बिना पेमेंट उसे उपयोग करो, और कोई अधिकारी आए तो उसका विरोध ग्रुप में करो, जिससे वो डर जाए और वो आपका कनैक्शन ना काटे|
खैर ये तो रही केजरीवालजी की बात, आइये अब मिले हम लोकतन्त्र के पांचवे खंभे से जिसे देश में मीडिया भी बोला जाता है| अच्छे-अच्छे लोग चाहते है कि काश उनकी फोटो मीडिया में दिखा दी जाती| ये मीडिया छोटे घोटालों की तो बात करती है जो केजरीवालजी द्वारा बताए गए है, मगर उसे कोयला घोटाला या फिर थोरीयम घोटाले से कोई मतलब नहीं है जो देश की ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत है या बन सकती है, क्यूंकि इस पर केजरीवालजी ने अपना मुहर जो नहीं लगाया| यहा तक आज-कल जिस स्विस बैंक के काले धन की बात जिसे केजरीवाल जी ने बताया, उसे मीडिया तो बंदर की तरह उछल कर दिखाती है, मगर ये नहीं दिखाती इससे पहले कितने नेताओं ने यह काम किया, शायद केजरीवालजी या उनके सहयोगी मीडिया मैनेजमेंट में ज्यादा निपुण है अपने प्रतियोगी की अपेक्षा| मालूम नहीं क्यूँ ये देश की मीडिया कुछ लोगों की ही सुनती है, बाकी के लोग तो जैसे बेगाने है उनके| शायद उनके नजर में भी देश की जनता/नेता का categorization है, जिसके अनुसार वो समाचार लिखते है| वही जिस मीडिया से अपेच्छित हो की वो पूरे भारत की खबर को लोगों तक पहुंचाएगा, वही वो कुछ खास खबर को ही जनता तक पहुंचा रहा है, जैसे इस देश में घोटाले और केजरीवालजी के सिवा कुछ है ही नहीं| उन जहां देश की और भी सारी समस्या को उजागर करने का,खबर को देश में पहुंचाने इत्यादि का दायित्व है, तो वो सारी दायित्व को भूल कर सिर्फ एक ही जगह लगे है जैसे सारा देश उसी में बसता हो| लगता है जैसे देश की सारी समस्या का समाधान सिर्फ एक ही जगह पेटेंट की हुई हो|
शायद देश की बाकी समस्या को कोई सुनने वाला नहीं| क्या सही में हमें केजरीवाल जी या मीडिया के सुझाए हुए रास्ते पर बिना सोचे समझे कदम रखनी चाहिए जिसमे आम जनता से जुड़े सारे मुद्दे गौण हो गए हो| लगता है हम आम जनता ही कही किसी अंध भक्ति में गौण होते जा रहे, और बाकी अपना उल्लू सीधा कर रहे| क्या सही में एक मुद्दे से देश का भला हो सकता है???

शुक्रवार, 21 सितंबर 2012

सुशासन बाबू हम भी बिहार में है...

19 September 2012, आज हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री जी हमारे जिला में आए थे| मगर नजर शायद कहीं और थी, हुंकार तो खूब भरी आपने मगर हमारी चिंता भी ना की| कहने को तो ये अधिकार यात्रा थी मगर शायद बहुत सारे अधिकारों से मुख्यमंत्री जी ने ही हमे अलग किया हुआ है|
हमारे मुख्यमंत्री जी आए तो थे चंपारण में मगर आगे के दरवाजे से नहीं पीछे के दरवाजे से, आए थे तो सरकार के नाम पर मगर एनडीए के प्रतिनिधि नहीं अपने पार्टी के प्रतिनिधि बन कर| मुख्यमंत्रीजी से तो पहले अपेक्षा यह थी की वो हवाई मार्ग से आएंगे हमें भी हेलीकाप्टर देखने को मिलेगा मगर वो इस धरती पर आए भी तो सड़क से। चलिये कोई बात नहीं, हम ये भी इनसे अपेक्षा किए थे की वो आएंगे हमारे मुख्यमार्ग से हो कर मगर वो आए पीछे के मार्ग से|
आखिर मुख्यमंत्री जी आप इस तरह से क्यूँ आए हमारे जिला में, कम से कम आपके आने से हमारे सड़क तो ठीक हो जाते जो आप लोगो की रहमो-करम का इंतेजार कर रही है| कम से कम हमारे जिला के लोग ये देख कर खुश हो जाते की चलो कुछ तो काम हुआ भले ही वो क्षणिक ही क्यूँ ना हो। मुख्यमंत्रीजी हमें आपसे ये अपेक्षा ना थी की आप मुह छिपा कर पिछले दरवाजे से आयेंगे | मुख्यमंत्रीजी कृपया कर कभी आगे का दरवाजा भी उपयोग में लाये जिससे आपको भी मालूम हो, की यहाँ के जनता को और क्या परेशानी हैं, और क्या सुधार किया जा सकता है, आपके एनडीए के सांसद हमारे लिए क्या कर रहे| कहीं हम खुद को अलग तो महसूस नहीं कर रहें|
 मुख्यमंत्री जी, हमारे बेतिया में एक हॉस्पिटल है, कहिए कम से कम आपके आने से उसकी सूरत थोड़ी तो ठीक हो गयी नहीं तो उसकी कोई पूछ लेने वाला नहीं था, मुख्यमंत्री जी ये वही हॉस्पिटल है जिसको मेडिकल कॉलेज बनाने का आप सपना भी देखे हुए है, मगर यहाँ के डॉक्टर लगता नहीं कभी आपके सपने को साकार भी होने देंगे| आखिर होने भी कैसे दे सकते है, जब भी आपको फुर्सत मिले यहाँ हॉस्पिटल के आस-पास घूम लीजिये, मरीज हॉस्पिटल में कम, प्राइवेट क्लीनिक में ज्यादा दिखते है, मालूम नहीं ये टैक्स भी पूरा भरते है या नहीं|

मुख्यमंत्रीजी, आप रमना आ कर तो चले गए, मगर शायद आप यहा की गलियों में घूमना भूल गए जिससे मालूम चले यहाँ प्रशासन बिजली के खंभो पर कौन सा खेल, खेल रहा हैं|

मुख्यमंत्री जी, आप आए थे तो चंपारण में, मगर शायद आप इसके अधिकतर इलाको को घूमना भूल गए| यहाँ एक रक्सौल जगह भी है जिसका प्रस्ताव आपने नए जिला के तौर पर रखा है| यहाँ कॉलेज तो हैं, मगर पढ़ने ओर पढ़ाने वाले नदारद|
यहाँ सड़क तो है मगर उसपर गाड़ी के चक्के की जगह बारिश का पानी नजर आता है| पत्थर की जगह यहाँ सड़क में तालाब नजर आता है|
प्रशासन की जगह सड़क पर खुले जानवर नजर आते है| मुख्यमंत्री जी, हमारे लोगों को ये जानवर भी प्रशासन की भांति ही नजर आता है, मालूम ना कब हमें सींग मार दे|

मुख्यमंत्री जी, गुस्ताखी हो गयी, हमें तो अब याद आया, आप हमारे तरफ आ भी कैसे सकते थे, आपने जिसे सड़क बनाने को बोला है, उसने तो कुछ किया ही नहीं| चलिये आपकी ये भी दलील मान लेते है की वो केंद्र सरकार की सड़क है, मगर आपके सांसद भी तो दिल्ली में बैठ कर आराम फरमा रहे है, कम से कम वो तो कुछ कर सकते है हमे इस समस्या से निजात दिलाने की जैसे बिहार के दूसरे जगहो पर हुई है|

मुख्यमंत्री जी, आप जब भी हमारे यहाँ आए आपका स्वागत है, मगर आप रेल मार्ग की तरह आए जो अपने सफर में अधिकतम जगहों को मिलाने की बात करती है| मुख्यमंत्री जी आपके सामने एक यात्रा मार्ग रखना चाहूँगा जिससे आप चंपारण के अधिकतम हिस्सो तक पाहुच सके|
मुख्यमंत्रीजी अगली बार आप जब भी आए तो पिछले दरवाजे नहीं बल्कि मुख्यमार्ग से आए| आप मुजफ्फरपुर होते हुए पिपरा होते हुए मोतीहारी में प्रवेश करे, फिर वहाँ से आप आदापुर मार्ग को पकड़े, फिर आप आदापुर होते हुए रक्सौल में प्रवेश करे| इस रक्सौल से निकालने के लिए पुनः उल्टे रास्ते ना जाए, जो आपके मुलाज़िम बताते हो|
बल्कि वहाँ से सुगौली हो कर छपवा होते हुए बेतिया जाए| फिर बेतिया से आप अरेराज मार्ग होते हुए आप चंपारण से प्रस्थान कर सकते है| आशा है आप हम चंपारणवासियों की व्यथा को समझते हुए, आप पीछे की मार्ग के बजाय आगे के मुख्यपथ से आयेंगे|
वैसे भी, पीछे के मार्ग से चोर-उच्चके ही आते है वो भी नजर बचा कर|

Road of Raxaul

Road of Raxaul

Road of Raxaul
 

गुरुवार, 20 सितंबर 2012

खुदरा क्षेत्र में विदेशी निवेश : क्या हमारे लिए सही में लाभदायक है???

आज देश के सामने कोयला और अन्य घोटाला जैसे थोरीयम घोटाला को छिपाने के लिए जैसे डीजल, रसोई गैस और विदेशी निवेश का बॉम्ब फोड़ा गया है| बहुत सारे जानकार यह कहने से नहीं चूक रहे इससे रोजगार का अवसर प्रतस्त होगा, मगर आकड़ों के आधार पर नहीं बताना चाहते| उनका कहना है संगठित क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे मगर असंगठित क्षेत्र का क्या होगा इसकी कोई चिंता नहीं| FICCI जो की हमारे देश के बड़े व्यापारियो जैसे टाटा, बिरला वगैरह का प्रतिनिधित्व करती है उसका भी यही कहना है कारण आज के समय में जहाँ हरेक कंपनी के बीच मुनाफा कमाने की होड़ सी लगी है, आज कौन सी कंपनी है जो गरीबों की सुनती हैं, शायद कोई नहीं| जहाँ एक तरफ सरकार कहती हैं की अगले 10 साल में भारत में करोड़ो की तादाद में रोजगार उपलब्ध होगा तो वो भी किस आधार पर ऐसा कह रहे है मालूम नहीं| आज जो सरकार विदेशी निवेश के पीछे है उसी सरकार मे सम्मिलित मनमोहन सिंह जी ने एक समय एनडीए सरकार को विदेशी निवेश के लिए मना भी किया था, मगर मालूम नहीं आज सोनिया गांधी के अमेरिका प्रवास से आते ही क्या हो गया की बिना सहयोगी दलों की सहमति से आज विदेशी निवेश को लागू भी कर गए, जो हमेशा करप्शन जैसे मुद्दे पर सहयोगी दलो के असहयोग की बात करते हैं|

फिर भी आइए देखे हम आम जनता का क्या फायदा है विदेशी निवेश से और दूसरे जो इसे रिफॉर्म का नाम देते है उन्हे क्या फायदा है???
1। जनता को पहला फायदा है समान सस्ते मिलेंगे, यह अल्प-कालीन दृष्टि से देखा जाये तो अच्छा दिखता है| मगर इसके दीर्घ-कालीन दृष्टि से भी देखना जरूरी है| आज सरकार कह रही है की वो प्रतियोगिता के कारण समान सस्ते में बेचेंगे, मगर कौन जानता है, बाद में उनके सामान महंगे हो जाए उदाहरण के लिए मैं पुणे (महाराष्ट्र) की बात करूंगा जहां BIG BAZAAR के दो दुकानों का समान बेचने का तरीका अलग अलग है,  एक तरफ हाई-क्लास सोसाइटी वाले जगह पर वो MRP पर समान बेचते हाई, वही दूसरे जगह डिस्काउंट पर, इन दुकानों में कृषि उत्पाद के मूल्य में भी अच्छा फर्क हैं।
मैं पुणे का एक और उदाहरण लूँगा जिसमे पहले Big BAZAAR ने अपने समान को सस्ते मे बेचना चालू किया नतीजा उसके ग्राहक बढ़ गए और जनरल स्टोर-किराना की ग्राहक कम हो गए| बाद में इस स्टोर ने अपने दामो में धीरे धीरे फर्क लाकर महंगे दरो में बेचना चालू कर दिया, परिणाम स्वरूप ग्राहक को असली दर तो मालूम नहीं वो अब वो महंगे दामो पर अपना सामान खरीद रहे हैं, यहा तक की वो Carrybag का दाम भी अपने पॉकेट से दे रहे|

2। रोजगार बढ़ेगा,दिखने में तो यह रोजगार शब्द बहुत लुभावना लगता है| आखिर हो भी क्यूँ ना, बेरोजगारो की संख्या भारत मे कम थोड़े ही हैं| मगर सरकार को स्व-रोजगार बढ़ाने के जगह यह उपाय ही ज्यादा अच्छा लगता है जिसमे हमारे अधिकतर युवा सेल्समैन ही बन कर रह जाए, क्यूकी मालिकाना हक या उच्च पद तो विदेशिओ के पास ही होंगे ना| चलिये कुछ समय के लिए ये भी मान लिया जाए की बेरोजगारी से बढ़िया कुछ तो सही, तो फिर सरकार जिस संख्या मे रोजगार मतलब 10 सालों मे करोड़ो की बात करती वो कहाँ तक सही है जबकि वाल-मार्ट मे अभी फिलहाल 2,100,000 कर्मचारी है वो भी  3400 रीटेल स्टोर होते हुए| तो क्या भारत जैसे जगह पर यह आसान है की वो 10-15 साल में 20 लाख भी जॉब दे पाएगा (बाकी की संख्या अन्य आने वाले कंपनी पर निर्भर करती है)| यह रोजगार पाने की बात है तो अब रोजगार खत्म होने की बात, वाल मार्ट जैसी कंपनी अपना समान बड़े उत्पादको से खरीदती है जिससे उनका खर्चा कम बैठे, और भारत में अधिकतर किसान छोटे जोत के है| क्या वाल-मार्ट ऐसे किसानो से भी कृषि-उत्पाद खरीदेगी? फिर असंगठित क्षेत्र में सरकार बात करती है फूड-सप्लाइ चेन की, जिसमे वो कहती है की किराना दुकान जैसे असंगठित क्षत्र के लोगो को भी फायदा होगा, यह तो पहली बार सुना है कोई कंपनी इनफ्रास्ट्रक्चर खुद के लिए बनाए और उपयोग किसी और को करने दे|
लिंक: http://walmart1percent.org/top-reasons-the-walton-family-and-walmart-are-not-job-creators/

3। भारत में विदेशी मुद्रा आएगी| सरकार की ये भी बात सही है की देश मे विदेशी मुद्रा आएगी, मगर सरकार पे जिस प्रकार भ्रस्टाचार के आरोप लग रहे है, क्या यह मुमकिन नहीं ये पैसा देश का ही हो जो विदेश में काले धन के रूप में जमा किया गया हो, और उसे वहाँ निवेश कर यहाँ लाने की कोशिश हो| मतलब काले-धन को सफ़ेद में बदलने की प्रक्रिया| फिर क्या यह संभव नहीं, मुद्रा-हस्तांतरण से संबन्धित नियमो जैसे फेमा को अंगूठा दिखाने की कोशिश हो| इस विदेशी मुद्रा के आगमन का बहुत सारे भारत की कंपनीय भी इंतेजार कर रही, कही ये उनके विदेश में कमाए पैसे तो नहीं जो वो नियमों के तहत ला नहीं पा रहे हो?

4। कहा जा रहा है, ये कंपनी इनफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने मे मदद करेगी, मगर किसके लिए? ये सवाल किसी ने नहीं पूछा? पहले तो ये सरकार से कई तरह की छुट लेंगी जैसे जमीन के दाम में, ट्रांसपोर्ट में, बिजली में, ईंधन में इत्यादि फिर उस पर वो अपना व्यापार करेंगी, मतलब आम जनता टैक्स देगी और कंपनी मजे करेंगी|
लिंक: http://www.walmartsubsidywatch.org/
http://www.chauthiduniya.com/2012/09/amended-land-acquisition-bill-black-law-black-straight.html

5। फिर बात आती है Patent की, भारत के कृषि उत्पादो को विदेश मे पैटंट कराने की बात कोई नयी नहीं है, जब ये कंपनी भारत मे आएंगी तो उनका ध्यान यहाँ के ऐसे उत्पाद पर होगा जिसका व्यापारिक मूल्य बहुत ज्यादा होगा, तो ये कंपनी वैसे वस्तु जैसे बीज, पौधे वगैरह का पैटंट भी करवायेंगी, नतीजा भविष्य में इन कंपनी को छोड़ कोई भी उस वस्तु का उत्पादन नहीं कर पाएगा|
 यहाँ तक की भारत मैं सीड-जीन बैंक है जिसमे घोटालो की बात उठती रहती है, कौन जाने भविष्य में यह बैंक इन कंपनी को बेच दिया जाए जो भारत के कर-दाताओ की बदौलत हैऔर बाद में हमारे किसान ही इसका उपयोग ना कर पाये|
लिंक: http://www.chauthiduniya.com/2012/09/india-seed-gene-bank-scam.html

6। हमारे यहा के दुकानों या बिज़नस को 12% के हिसाब से लोन दिया जाता है वही विदेशी कंपनी को 4% की हिसाब से, तो प्रतियोगिता तो यही खत्म हो जाएगी, जब यहाँ के लोकल किराना उनके सामने ना टिक पाएंगे|

कुछ और लिंक:
1। http://www.ideasmakemarket.com/2011/11/why-fdi-in-retail-is-bad-for-india.html
2। http://www.moneylife.in/article/100-fdi-in-retail-in-india-good-or-bad/21733.html
3। http://sanjaykaul.wordpress.com/2011/12/02/10-reasons-why-fdi-in-retail-is-a-bad-idea/
4। http://intellibriefs.blogspot.in/2011/12/why-fdi-in-retail-is-bad-swamys-quote.html
5। http://expertscolumn.com/content/reasons-why-should-we-oppose-fdi-retail-big-no-fdi-retail
6। http://www.indiafdiwatch.org/index.php?id=76
7। http://www.firstpost.com/business/retail-fdi-are-merits-overhyped-145568.html
8। http://rtn.asia/1034_fdi-indian-retail-bad-idea-uni-global-union
9। http://www.ibtl.in/video/6502/walmart-the-high-cost-of-low-prices-full-movie
10। http://www.ibtl.in/video/6501/the-high-cost-of-low-price--why-walmart-stores
11। http://www.pbs.org/wgbh/pages/frontline/shows/walmart/secrets/stats.html

थोरीयम घोटाला
http://www.firstpost.com/india/after-coal-did-india-give-away-thorium-at-pittance-too-441078.html ,
http://articles.timesofindia.indiatimes.com/2012-06-27/india/32440058_1_thorium-nuclear-reactor-kudankulam,
http://thestatesman.net/index.php?option=com_content&view=article&id=421905&catid=38Special

गुरुवार, 13 सितंबर 2012

चम्पारण: क्या हम भारत में है?

चम्पारण का मतलब चम्पा के फूलों का जंगल होता हैं॰ यह फूल अपने सुगंध के लिए जाना जाता है| मगर वही चम्पारण शायद अपनी धरती का सुगंध दूसरों को देते-देते खुद का सुगंध खो चुका है| चम्पारण की इस धरती पर का महत्व ऐसे ही समझा जा सकता है कि यह धरती चन्द्रगुप्त मौर्य जैसे शासक, चाणक्य जैसे राजनीतिज्ञ और अर्थशास्त्री, महात्मा गांधी को प्रेरणा देती रही है(ज्ञात हो की चम्पारण में ही चन्द्रगुप्त मौर्य का जन्म हुआ था, चाणक्य का किला है, गांधीजी की कर्मभूमि है)| यह चम्पारण सिर्फ अपनी ऐतिहासिक परिचय ही नहीं बल्कि वो नेपाल राष्ट्र में प्रवेश करने का एक मुख्य मार्ग भी है या दूसरे शब्दों में कहे कि अंतराष्ट्रीय महत्व के लिए भी जाना जाता हैं|
मगर आज के राजनीतिक हालत जिसमें बिहार में एक तरफ सुशासन का नारा है दूसरी तरफ केंद्र में गांधीजी के तथाकथित अनुयायी हैं, वहाँ चम्पारण को पूछने वाला कोई नहीं हैं| आज के समय में जहां बिहार की अधिकतम सड़कों का कार्य अच्छे तरीके से हुआ है, वही चम्पारण अभी भी सड़क बनने की राह देख रहा है| जब कोई भी आगंतुक सड़क मार्ग से चम्पारण में प्रवेश करता है तो उसे सिर्फ खराब सड़के मिलती है| यहाँ की सड़क की स्वीकृति पहले तो 4-लेन की हुई थी और उसी आधार पर Tatiya Construction Company को सड़क बनाने का ठेका भी दिया गया| शुरुआत में तो कार्य अच्छे तरीके से चल रहा था मगर बाद में ना सिर्फ जगह के महत्व को नकारते हुए केंद्र सरकार द्वारा 4-लेन सड़क को 2-लेन में बादल दिया गया बल्कि Tatiya Construction ने अपना काम भी लगभग रोक दिया| परिणामतः आज बिहार की अधिकतर जनता जहाँ अच्छे सड़क का फायदा उठा रही है वही चम्पारण की जनता आज भी उन्ही टूटे-फूटे सड़क पर चलने को मजबूर है| आज चम्पारण से माननीय सांसद को शायद सड़क की दुर्गति से कोई मतलब नहीं है जैसे की वो इस जगह को जानते भी नहीं हो| दूसरी तरफ यदि हम ऐतिहासिक जगहों की बात करे तो चम्पारण में अधिकतर जगह अभी भी राज्य सरकार की बाँट खोज रही हैं| इस राज्य सरकार की बात करे तो इसमे भारतीय जनता पार्टी भी है जो शायद अपनी संस्कृति से जुडने का दावा करते रहते है, मगर उन्हे चम्पारण की अनेकों अविकसित जगह जैसे चानकीगढ़ (चाणक्य का किला), बावनगढ़ी, लौरिया अशोक स्तम्भ, बेतिया के संग्रहालय और प्राचीन मंदिर भी नहीं दिखते हैं| फलस्वरूप बेतिया संग्रहालय से अनेकों वस्तुएँ, मंदिरो की पुरानी मूर्तियां चोरी होती रहती है (ज्ञात हो पिछले कुछ सालो में बेतिया संग्रहालय से करोड़ो के मूल्य के हीरा की चोरी, वहाँ के घंटा घर में लगे घड़ी के डायल में लगे बहुमूल्य हीरा और धातु भी चोरी हो चुकी है) |यहाँ तक की चम्पारण में ही गांधीजी का आश्रम जिस को नेता लोग कभी कभार उनके जन्म तिथि जैसे समय पर याद कर लेती है भी साल भर उपेच्छित पड़ी रहती है|
चम्पारण के बेतिया में ही हजारीमल धर्मशाला जो की गांधी जी का ठहराव स्थल भी रह चुका है आज टूटा फूटा मौजूद है और उस पर कानूनी केस भी चल रहा है, मगर उसके विवाद को जल्द सुलझा कर उसे सही करने की फिक्र किसी को ना है| मोतीहारी में भी दूसरी तरफ जॉर्ज ऑरवेल का निवास स्थान और गांधीजी से भी जुड़े कई जगह है वो भी आज सरकारी उपेक्षा का शिकार है और स्थानीय लोगो की मेहरबानी पर टिका हुआ हैं|
रक्सौल जो की नेपाल का प्रवेश स्थल भी है वहाँ पर भी यदि सुविधाओ को देखा जाए तो सड़क मार्ग आज तालाब बना हुआ है| पर्यटक सुविधा नगण्य है, जहाँ अंतराष्ट्रीय पर्यटक हमेशा आते रहते हैं परिणाम स्वरूप यह भारत के नाम को भी खराब करता है मगर उसकी चिंता करने वाला कोई नहीं हैं|

आज चम्पारण के सामने एक सवाल खड़ा है क्या वह सही में भारत का एक अंग है? मगर आज भी उसके मन की आशा बलवती है और आज भी चम्पारण अपने तथाकथित नेता रूपी रहनुमाओं का इंतेजार कर रहा की कब उसका वक़्त आएगा की वह पुनः एक मिशाल खड़ी कर सके और धरोहरों पर नाज कर सके और नई पीढ़ी को प्रेरणा दे सके|

हक के लिए आम आदमी का हक छीनते गरीबो के तथाकथित हमदर्द राजनैतिक पार्टियां




रामगढ़वा, 12 सितंबर| आज के दिन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के एक रूप से परिचय हुआ| ये परिचय एक गरीब के हमदर्द के रूप मे कम बल्कि आम जनता और यातायात सुविधा को भंग करना ज्यादा लगा| आज यहाँ पार्टी के कार्यकर्ता नेशनल हाइवे को अपनी कुछ मांग को लेकर जाम किए हुए थे| उनकी मांग तो जायज थी मगर अपनाया गया तरीका नहीं| वहाँ जब लोगो से पूछा गया तो बताया गया की तथाकथित जरीबों ओर मजदूरो के हक के लिए संघर्ष करने वाले नेता जी का भसान चल रहा था और पुलिस जीप बगल में लगी हुई थी| जब मालूम किया गया तो ये पता चला नेता जी को गरीबों का ध्यान कम बल्कि मीडिया बाइट की ज्यादा चिंता थी| मीडिया के लोगो के जाते ही नेताजी ने मंच छोड़ किसी और को मंच दे दिया| दूसरी तरफ इस जाम के कारण दोनों तरफ के रोड पर जाम लगाना चालू हो गया| जानकारी के लिए मालूम हो की ये रोड नेपाल के लिए सप्लाइ लिंक का काम करता है| जिसके कारण कई किलोमीटर तक बस और ट्रक जाम मे फस गए थे| यहा तक की जाम का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना ज्यादा लग रहा था ना की अपनी मांगो को मनवाना क्यूकि वहाँ के अधिकारिओ से संपर्क स्थापित करने की कोसिस पर मालूम चला राज्य के अधिकारियो का प्रसाशनिक सेवा से संबन्धित सम्मेलन चल रहा था और वो आने मे असमर्थ थे| ये जानते हुए भी नेता जी ने सड़क जाम की| कहने को ये पार्टी तो मजदूरो की पार्टी भी है जिसमे ट्रक, बस, टेम्पो इत्यादि चालक भी आते है मगर उन्हे उनसे और उनके रोजगार से कोई मतलब नहीं| जहां तक इस तरह के धरने का उपायुक्त जगह कोई प्रसाशनिक जगह या कोई मैदान होना चाहिए जिससे की आम जनता को कोई कष्ट ना हो और साथ मे उन्हे भी प्रसाशन द्वारा सुना जा सके| यहाँ तक की जो नेता हक के लिए लड़ते है उनसे कुछ सवाल मेरे इस प्रकार है:
1। क्या उन्होने किसी प्रकार की अनियमितता पर शिकायत दर्ज कारवाई?
2। क्या उन्होने शिकायत लिखित तौर पे दिया था?
3। क्या यह जायज है की एक मांग को लेकर पूरी आम जनता को परेसान किया जाए?
4। क्या यह जायज है की जाम मे ट्रक वगैरह को रोक कर राजकोष को घाटा पहुचाया जाए? क्यूँ ना इस घाटे की भरपाई नेताजी के पैकेट से किया जाए?

आज मैं जिस बस से आ रहा था उसके ड्राईवर से बात करने पर मालूम चला उसे वापस रात को गाड़ी लेकर निकलना है और उसे अब सोने का समय नहीं मिलेगा क्यूँ की जाम लंबे देर तक लगने वाली थी|
ये कहाँ तक जायज है की अपनी मांगो को लेकर दूसरे की जान खतरे मे डाली जाए? क्या पार्टी के तथाकथित गणमान्य नेताजी को उस ड्राईवर रूपी मजदूर की चिंता नहीं साता रही थी जिसके बल पर वो नेतागिरी करते है?
देश की पार्टियों के तथाकथित नेतागण से अनुरोध है की सड़क मार्ग जैसे जगह को अपनी अभिव्यक्ति जाहीर करने का जगह ना बनाए, ये आपके और आपके पार्टी के लोकप्रियता के लिए नुकसानदेह भी हो सकता है और आम जनता के लिए कष्टकर भी|